पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की माँग तेज़, मेरठ में जुटा जनसमर्थन — संघर्ष समिति को अनेक सामाजिक संगठनों का साथ
राष्ट्रीय आचरण विशेष संवादाता – प्रशांत पंवार
मेरठ, 20 सितम्बर।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की खंडपीठ स्थापित करने की पुरानी माँग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार मजबूत होता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को संघर्ष समिति को समर्थन देने हेतु विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एकत्र हुए और खुलकर अपनी आवाज़ बुलंद की।




इस अवसर पर अहलकार सिंह नागर, राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतरराष्ट्रीय हिन्दू महासभा, ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करोड़ों लोगों को न्याय पाने के लिए इलाहाबाद तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। यदि मेरठ में हाईकोर्ट खंडपीठ बनती है तो लोगों को शीघ्र न्याय मिलेगा और समय व धन की भी बड़ी बचत होगी।
सभा में कप्तान सुभाष नागर, आर. डी. शर्मा, शालू चौधरी (अध्यक्ष, श्याम सेवा संस्थान), विकास प्रिंस, हरेंद्र, अनिल तथा सचिन ने भी संघर्ष समिति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि अब समय आ गया है जब सरकार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की इस न्यायसंगत माँग पर ठोस कदम उठाना ही होगा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने साफ किया कि यह आंदोलन केवल न्यायपालिका की सुविधा के लिए नहीं बल्कि आम जनता के अधिकारों और सामाजिक न्याय की स्थापना का भी प्रतीक है। सभी संगठनों ने संघर्ष समिति को हर स्तर पर सहयोग देने का भरोसा दिलाया और चेतावनी दी कि यदि जल्द खंडपीठ की घोषणा नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

