March 22, 2026

राष्ट्रीय आचरण

हिंदी न्यूज़ और जन-आवाज़

रोहटा बाईपास स्थित खड़ोली पर उल्टी बह रही नालों की धारा, खड़ौली में डूब रही फसलें — सिस्टम की भारी चूक उजागर

राष्ट्रीय आचरण संवादाता अनिल कुमार
मेरठ के रोहटा बाईपास स्थित खड़ौली क्षेत्र (वार्ड-38) में नाला और सड़क निर्माण अब क्षेत्रवासियों के लिए गंभीर संकट बन गया है। हैरानी की बात यह है कि नालों में भरा गन्दा पानी सिर्फ जाम नहीं हो रहा, बल्कि उसका बहाव गलत दिशा में जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नालों का पानी स्वाभाविक रूप से रोहटा रोड वाले मुख्य नाले में जाना चाहिए था, लेकिन निर्माण में हुई भारी तकनीकी चूक के कारण पानी उल्टा खड़ौली की ओर बह रहा है। इसी वजह से नाले ओवरफ्लो होकर सड़क किनारे और खेतों में पानी भर रहा है।
स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि चार बीघे से अधिक फसल जलमग्न हो चुकी है। ठेके पर जमीन लेकर खेती कर रहे किसान मजबूरी में बाल्टियों से पानी निकाल रहे हैं, लेकिन जब तक बहाव की दिशा सही नहीं होती, तब तक राहत मिलना नामुमकिन है।
आज इस गंभीर समस्या को लेकर स्थानीय स्थायी निवासी मौके पर एकत्र हुए और आपस में चर्चा कर हालात का जायजा लिया। लोगों ने मौके पर पहुंचे ठेकेदार से भी बातचीत की, लेकिन फिर वही पुराना जवाब मिला — सिर्फ आश्वासन, कोई ठोस कार्रवाई नहीं।
लोगों का कहना है कि अगर नालों का बहाव सही दिशा में नहीं किया गया और जाम तुरंत नहीं हटाया गया, तो आने वाले दिनों में हालात और भयावह हो सकते हैं। खेतों के साथ-साथ सड़क और आसपास के मकानों को भी नुकसान का खतरा मंडरा रहा है।
यह मामला अब केवल गंदगी या जलभराव का नहीं रहा, बल्कि यह गलत इंजीनियरिंग और लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण बन चुका है।
क्षेत्रवासी मांग कर रहे हैं कि
➡ नालों की तत्काल सफाई कराई जाए
➡ बहाव की दिशा तुरंत सही की जाए
➡ और पानी को रोहटा रोड के मुख्य नाले में छोड़ा जाए
ताकि क्षेत्र को इस जल-आपदा से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *