बड़ी राहत! यूपी में स्मार्ट मीटर पर रोक, 45 दिन तक नहीं कटेगा बिजली कनेक्शन
राष्ट्रीय आचरण संवाददाता अनिल कुमार
मेरठ – भाकियू इंडिया की पहल के बाद उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है। संगठन ने स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप तितौरिया के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा था, जिस पर सरकार ने संज्ञान लेते हुए यह फैसला लिया।
प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित तकनीकी समिति जब तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं करती और उसकी जांच पूरी नहीं होती, तब तक पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर में बदलने की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक रहेगी।
ऊर्जा मंत्री ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए कहा कि जहां स्मार्ट मीटर पहले से लगाए जा चुके हैं, वहां लगभग 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद 30 दिन यानी कुल 45 दिन तक किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
इसके अलावा नई व्यवस्था के तहत यदि किसी उपभोक्ता का बैलेंस शून्य भी हो जाता है, तब भी अधिकतम 3 दिन या ₹200 तक (2 किलोवाट भार तक) बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
भाकियू इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप तितौरिया ने कहा कि संगठन हमेशा जनता के हक की आवाज उठाता रहेगा और जनहित में इसी तरह संघर्ष करता रहेगा।


