हांसी मंडी में हुड्डा का बड़ा हमला! “किसान-मजदूर सब परेशान, 2000 करोड़ से ज्यादा भुगतान अटका”

राष्ट्रीय आचरण संवाददाता – दिनकर गावड़ी

हांसी – पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मंगलवार को हांसी अनाज मंडी का दौरा कर किसानों, मजदूरों और आढ़तियों से बातचीत की। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।
पत्रकार वार्ता में हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय वर्ष 2013 में 87 लाख मैट्रिक टन से अधिक गेहूं की खरीद की गई थी, जबकि वर्तमान सरकार ने इस बार केवल 72 लाख मैट्रिक टन खरीद का लक्ष्य रखा है, जो उत्पादन के मुकाबले काफी कम है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की मंडियों में खरीद और उठान की स्थिति बेहद खराब है। किसानों को भुगतान में 5 से 8 दिन की देरी हो रही है। कुल 2714 करोड़ रुपये में से अब तक केवल 741 करोड़ का भुगतान हुआ है, जबकि करीब 1972 करोड़ रुपये अभी भी बकाया हैं।
हुड्डा ने कहा कि इस बार लगभग 80 लाख मैट्रिक टन गेहूं मंडियों में आने की उम्मीद है, लेकिन अब तक बड़ी मात्रा में गेहूं खरीद और उठान के इंतजार में पड़ा हुआ है। मंडियों में जगह की कमी के कारण किसान अपनी फसल को सड़कों, हाईवे और खेतों में रखने को मजबूर हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने खरीद प्रक्रिया को जटिल बना दिया है। किसानों को पोर्टल रजिस्ट्रेशन, गेट पास, बायोमेट्रिक, ट्रैक्टर नंबर और अन्य कई शर्तों से गुजरना पड़ रहा है, जिससे खरीद प्रभावित हो रही है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर हुड्डा ने कहा कि यह बिल 2023 में पास हो चुका है, लेकिन बीजेपी ने इसे लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण की पक्षधर रही है और इस दिशा में पहले भी पहल करती रही है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री के काफिले को रोके जाने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए हुड्डा ने जेजेपी और इनेलो पर भी निशाना साधा और उन्हें बीजेपी की सहयोगी पार्टियां बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *