कैथल में B.Ed कॉलेज की विदाई पार्टी में धमाल! डांस, गजल और टाइटल्स पर झूमे छात्र-छात्राएं

कैथल – जाट बी.एड. कॉलेज, कैथल के धन्ना भक्त ऑडिटोरियम हॉल में विदाई पार्टी समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जाट हाई स्कूल सोसाइटी के प्रधान राजकुमार बैनिवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बी.एड. प्रथम वर्ष के छात्रों ने मुख्य अतिथि एवं सोसाइटी के पदाधिकारियों का तिलक लगाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकुमार बैनिवाल, कार्यकारिणी सदस्यों और प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह ढिल्लों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है और समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
प्राचार्य डॉ. दिनेश सिंह ढिल्लों ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का होना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल अच्छे अंक दिलाना ही नहीं, बल्कि छात्रों में अच्छे संस्कार विकसित करना भी है।
विदाई समारोह के दौरान द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को विभिन्न टाइटल्स दिए गए, जिन पर सभी ने जमकर उत्साह दिखाया। छात्रों ने देशभक्ति गीत, हरियाणवी और पंजाबी डांस, गीत-गजल आदि प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर द्वितीय वर्ष के छात्र आशीष कुमार को मिस्टर फेयरवेल और छात्रा निर्मल को मिस फेयरवेल चुना गया। मुख्य अतिथि द्वारा दोनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जाट हाई स्कूल सोसाइटी के उप प्रधान बलजिंदर सिंह बनवाला, महासचिव एडवोकेट रश्मि ढुल, कोषाध्यक्ष बलकार नैन सहित कई गणमान्य लोग और कॉलेज स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *